भदोही में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच माध्यम शिक्षा परिषद की परीक्षा शुरू, परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़
सीतामढ़ी के केंद्रों पर सख्ती के बीच शांतिपूर्ण हुईं परीक्षा
डे समाचार डेस्क
भदोही, 18 फरवरी। जनपद के सीतामढ़ी क्षेत्र में बुधवार सुबह जैसे ही घड़ी ने साढ़े आठ बजाए, परीक्षा केंद्रों की घंटी के साथ बोर्ड परीक्षा का आगाज हो गया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच शुरू हुईं। पहले ही दिन प्रशासन की तैयारी और केंद्रों की सतर्कता साफ नजर आई।
सीतामढ़ी स्थित मां गंगा शिक्षण संस्थान इंटरमीडिएट कॉलेज में प्रथम पाली में हाईस्कूल के 155 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें 80 छात्राएं और 75 छात्र रहे। परीक्षा शुरू होने से काफी पहले ही परीक्षार्थी केंद्र पर पहुंच गए थे। प्रवेश द्वार पर सघन जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षकों ने शासन के निर्देशों का पालन करते हुए नकलविहीन परीक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरती। कक्षों में अनुशासन और शांति का माहौल रहा।
वहीं लव कुश इंटरमीडिएट कॉलेज, सीतामढ़ी में कुल 97 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 95 छात्राएं और 2 छात्र शामिल रहे। यहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा संपन्न हुई। प्रत्येक कक्ष में निरीक्षकों की तैनाती रही और केंद्र परिसर में अनावश्यक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रही।
नकल रोकने के लिए प्रवेश द्वार पर तलाशी अभियान चलाया गया। मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संदिग्ध सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रही। स्थानीय प्रशासन की टीम समय-समय पर केंद्रों का निरीक्षण करती रही, जिससे व्यवस्था पर मजबूत पकड़ बनी रही।
केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ भी सुबह से दिखाई दी। बच्चों के भविष्य को लेकर उत्साह और हल्की चिंता दोनों झलकती रही। कुल मिलाकर प्रथम दिन की परीक्षा सीतामढ़ी क्षेत्र में पूरी शांति, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई, जिससे शिक्षा विभाग और प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।
रिपोर्ट: गिरीश पांडेय
