जौनपुर में मोबाइल टावर से नीचे उतरती युवती के साथ पुलिसकर्मी
Share

जौनपुर। कहते हैं कि प्यार अंधा होता है। जब किसी के सिर पर प्रेम का जुनून सवार हो जाता है तो कई बार उसे रिश्तों की मर्यादा, परिवार की प्रतिष्ठा और माता-पिता के मान-सम्मान की भी परवाह नहीं रह जाती। कुछ ऐसा ही नजारा रविवार को जौनपुर में देखने को मिला, जहां प्रेमी से शादी करने की जिद में एक युवती ने ऐसा कदम उठा लिया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शादी की मांग पूरी कराने के लिए युवती मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद आखिरकार प्रेमी ने टावर पर ही उसकी मांग में सिंदूर भर दिया।

जौनपुर में मोबाइल टावर से नीचे उतरती युवती के साथ पुलिसकर्मी

जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र में टावर पर चढ़ी युवती

मामला बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव का है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मीरगंज थाना क्षेत्र के कसेरवा गांव निवासी नेहा और अभिजीत के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध थे। बताया जाता है कि दोनों के घरों के बीच महज सौ मीटर की दूरी है और अभिजीत रिश्ते में नेहा का पड़ोस का चाचा लगता है। दोनों के संबंधों की जानकारी परिवार को हुई तो करीब छह महीने पहले घर में विवाद भी हुआ था। इसके बाद नेहा अपने ननिहाल महुआरी गांव में रहने लगी थी।

जौनपुर के बारीगांव में मोबाइल टावर जिस पर युवती चढ़ी

शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती

बताया जाता है कि नेहा ने जब अभिजीत के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो वह पीछे हटने लगा। इसी बात से नाराज होकर रविवार सुबह करीब छह बजे नेहा बारीगांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस ने काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। उसका साफ कहना था कि जब तक अभिजीत मौके पर नहीं आएगा और शादी के लिए राजी नहीं होगा, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी।

मोबाइल टावर पर युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास

प्रेमी ने टावर पर ही भरी मांग में सिंदूर

पुलिस ने अभिजीत को मौके पर बुलाया। उसके पहुंचने के बाद भी काफी देर तक दोनों के बीच बातचीत और समझाने का सिलसिला चलता रहा। बताया जाता है कि अभिजीत ने पहले युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब बात नहीं बनी तो वह खुद मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नेहा की मांग में सिंदूर भर दिया।

इसके बाद नेहा टावर से नीचे उतरने को तैयार हो गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम के समाप्त होने पर पुलिसकर्मियों और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *