भदोही में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के समर्थन में कांग्रेस का विजय मार्च, 22 दिवंगत छात्र-छात्राओं को दी श्रद्धांजलि
Bhadohi News | Day Samachar
भदोही। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के समर्थन में शनिवार देर शाम जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के नेतृत्व में विजय मार्च निकाला गया। जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में मशाल टॉकीज रोड से नगर पालिका परिषद परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्च किया।
22 छात्र-छात्राओं को दी श्रद्धांजलि
मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन 22 छात्र-छात्राओं की तस्वीरें हाथों में लेकर प्रदर्शन किया, जिनकी मौत को कांग्रेस ने कथित पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा व्यवस्था की अव्यवस्था से जोड़ते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण किया तथा कैंडल जलाकर दिवंगत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर प्रभारी भदोही दयाशंकर पांडेय ने कहा कि छात्रों के संघर्ष का परिणाम सामने आया है, लेकिन शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों और कांग्रेस नेताओं पर हुए लाठीचार्ज के मामले में कार्रवाई तथा संबंधित मुद्दों पर सार्वजनिक जवाबदेही की भी मांग की।
‘यह छात्रों के संघर्ष की जीत’
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल की नहीं बल्कि छात्रों के संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा व्यवस्था पारदर्शी नहीं होगी, पेपर लीक पर प्रभावी रोक नहीं लगेगी और छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी।
पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दुबे ‘राजन’, जिला उपाध्यक्ष मुशीर इकबाल तथा नगर अध्यक्ष सरफराज अहमद ने भी छात्रों के भविष्य की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी काशीनाथ गौतम, सुरेश चंद्र मिश्रा, प्रेम बिहारी उपाध्याय, राजेश्वर दुबे, मसूद आलम, सुरेश चौहान, शिवपूजन मिश्रा, शबाना खातून, अजय कुमार प्रजापति, शक्ति मिश्रा, विशाल गौतम, राकेश पाल, स्वालेह अंसारी, अकबर अंसारी, उपेंद्र कुमार भारती, अनीश शेख, परवेज अंसारी, विमलेश पाल, राजनाथ यादव, धीरज पाल, गुलाबधर प्रजापति, रामू गौतम, छोटू गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

