विश्व आयुर्वेद परिषद ने मकरसंक्रांति को विश्व मांगल्य दिवस के रूप में मनाया
डे समाचार डेस्क/नितेश उपाध्याय
नई दिल्ली, 14 जनवरी: दक्षिणी-पश्चिमी विभाग, विश्व आयुर्वेद परिषद द्वारा मकरसंक्रांति पर्व को विश्व मांगल्य दिवस के रूप में स्वामी वैद्य शाला, एफ-11/1, देवकुंज, द्वारका सेक्टर-7 में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया
बुजुर्गों के लिए बनेगा वृद्ध आश्रम, भोजन से भरी होगी थाली
कार्यक्रम में विश्व आयुर्वेद परिषद दिल्ली, प्रांत के अध्यक्ष डॉ. नामाधार शर्मा मुख्य अतिथि थे। उन्होंने आयुर्वेद में वर्णित ऋतुचर्या और दिनचर्या का वर्णन करते हुए स्वास्थ्य पर उसके महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. अदिति ने आदान और विसर्ग काल को समझाते हुए दो ऋतुओं के संधि काल में आहार ग्रहण करते समय विशेष ध्यान देने पर बल दिया। उन्होंने मकरसंक्रांति के अवसर पर गुड़ और तिल भोजन में लेने से वात दोष निवारण और ताकत देने वाला बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अंतरराष्ट्रीय वैद्य व विश्व आयुर्वेद परिषद के विश्व विभाग प्रमुख वैद्य स्वामीनाथ मिश्र ने योग और आयुर्वेद को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने विश्व आयुर्वेद परिषद द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए आयुर्वेद चिकित्सकों के लिए विश्व स्तर पर अच्छे अवसर का लाभ उठाने पर बल दिया।
योगाचार्य अभिषेक मिश्र द्वारा योगासन, प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास कराया गया। स्वामी वैद्य शाला की संचालिका डॉ. शिवानी मिश्रा पांडेय ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अवधेश पाण्डेय ने अपनी टीम के साथ मिलकर, जिसमें दीपिका और कोमल शामिल थीं, कार्यक्रम को सफल बनाया।
